फोटो नंबर-07आईटीआई में कर्मचारी आवास के सामने भरा पानी व जाम कीचड़।
नारनौल। शहर में महेंद्रगढ़ मार्ग पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इन दिनों बारिश के मौसम में कर्मचारियों के आवास के आवास के आगे तालाब जैसा नजारा देखने को मिल रहा है।
इस संबंध में परेशान कर्मचारियों ने कई बार अधिकारी से बात भी की, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में आईटीआई परिसर में बने सरकारी आवास में रहने वाले कर्मचारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। साथ ही अपने आवास के ठीक सामने जमा बारिश के पानी के चलते कई बार कर्मचारी फिसलकर गिरने से चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी केवल आश्वासन ही दे रहे हैं।
आईटीआई परिसर में बारिश का पानी जमा होने की समस्या कई सालों से है। सरकारी आवास में रहने वाले करीब 13 कर्मचारी व उनके परिवार को भारी परेशानी का सामना कर पड़ रहा है। सरकारी आवास में रहने वाले कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने बताया कि हर साल यहां पर पानी भरने की समस्या रहती है।
आईटीआई में पढ़ने वाले बच्चों ने बताया कि उनकी कक्षा सहित कर्मचारी कक्ष में भी लगातार पानी टपकता रहता है। ऐसे में हमेशा कोई अनहोनी घट जाने की आशंका बनी रहती है। कई बार अधिकारी से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ है। इसके अलावा संस्थान के मैदान में घास भी काफी बड़ हो चुकी है।
इस संबंध में कई बार कर्मचारी अवगत करा चुके हैं और मामला मेरे संज्ञान में भी है। यहां पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगा हुआ है, लेकिन इस बार बारिश अधिक होने के कारण पानी धीरे धीरे जमीन में समा रहा है।
विनोद खनगवाल, प्रिंसिपल आईटीआई, नारनौल।