नारनौल। नारनौल रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इसके तहत रेलवे स्टेशन को दोबारा विकसित करने के लिए इस पर 18 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए 6 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए शिलान्यास करेंगे। पिछले कई दिनों से रेलवे स्टेशन पर इसकी तैयारी चल रही है।
रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई करने के अलावा उसे पूरी तरह से चमकाया जा रहा है। जगह-जगह पेंटिंग बनाई गई है। रेलवे स्टेशन पर एलईडी लगाई जा रही है, जिस पर पीएम के लाइव कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा अब रेलवे स्टेशन पर वाई-फाई की सुविधा मिल सकेगी। इसका काम भी शुरू कर दिया गया है।
100 साल पुराना है रेलवे स्टेशन
नारनौल का रेलवे स्टेशन करीबन 100 साल पुराना है। यह उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के अधीन आता है। अब इस स्टेशन पर 100 करोड़ रुपये खर्च कर मॉडर्न बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके तहत प्रवेश द्वार का आकर्षक बनाया जाएगा। वाहनों के आने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। प्रवेश द्वार से आगे हॉल, वेटिंग रूम, प्लेटफार्म, शौचालय, फुटओवर ब्रिज सहित अन्य सभी जगहों को नए सिरे से विकसित किया जाएगा। इसी प्रकार बुकिंग खिड़की पर भी आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी।
सांसद, मंत्री व विधायक होंगे अतिथि
स्टेशन अधीक्षक सुरेश शर्मा ने बताया कि छह अगस्त को स्टेशन पर होने वाले इस कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से सांसद धर्मबीर, सामाजिक एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, नांगल चौधरी से विधायक डॉ. अभय यादव, विधायक सीताराम यादव मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।