महेंद्रगढ़। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन के बैनर तले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मंडल महेंद्रगढ़ में कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन वीरवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर पहुंचे कार्यकारी अभियंता अमित जैन ने घरेलू कार्य के कारण अवकाश पर होने की जानकारी देते हुए 10 अगस्त तक लंबित कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। साथ ही 10 अगस्त को दोपहर 2 बजे कर्मचारियों के साथ बैठक के लिए लिखित पत्र भी जारी किया गया। प्रांतीय प्रधान नरेंद्र धीमान ने कहा कि यदि 10 अगस्त तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो धरना अनिश्चितकाल तक जारी रखा जाएगा। इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद न्यूज एजेंसी