फोटो 08शिविर के बाद बरामदे में बैठकर नागरिकों की शिकायतें सुनते डीसी। डीआईपीआरओ
नारनौल। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करना है। शिविर में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए 93 नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। समाधान शिविर में आई शिकायतों में मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) की त्रुटियां, पेंशन, बिजली-पानी की आपूर्ति और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगराधीश डॉ. मंगल सेन व डीएसपी भारत भूषण के अलावा अधिकारी भी मौजूद थे। संवाद