नारनौल। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शहर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम मनोज कुमार को सौंपा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से दिनेश कुमार उर्फ पालाराम के अलावा नारनौल विधानसभा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शहर के मुख्य आजाद चौक से शुरू हुआ जोकि पुल बाजार, बजाजा बाजार, महावीर मार्ग, महावीर चौक महेंद्रगढ़ रोड होते हुए लघु सचिवालय पहुंचा। लघु सचिवालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम मनोज कुमार को एक ज्ञापन दिया। कांग्रेसी नेता दिनेश कुमार ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश में बेरोजगारी व महंगाई बढ़ती जा रही है। जिससे आम जनता परेशान है। जीवन यापन करने की सभी वस्तुएं महंगी होती जा रही है। पशुपालकों के लिए पशुपालन करना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि चारे की कीमत बहुत ज्यादा हो गई है। महंगाई के अलावा बेरोजगारी भी चरम सीमा पर है। प्रदेश के युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।