महेंद्रगढ़। मोहल्ला वाल्मीकि में वीरवार को भगवान वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। वाल्मीकि समाज की ओर से शहर के मुख्य मार्गों से शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मोहल्ला वाल्मीकि के वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर मोहल्ला महायचान, मोहल्ला सराय, मोहल्ला बास, 11 हट्टा बाजार, भगवान परशुराम चौक, सब्जी मंडी मार्ग, शंकर मार्केट, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड, बस स्टैंड मार्ग, राव तुलाराम चौक, स्टेट हाईवे 148बी होते हुए वाल्मीकि मंदिर में पहुंचेगी।
शोभायात्रा में राम दरबार, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण व महर्षि वाल्मीकि की झांकिया मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। शोभा यात्रा से पूर्व महर्षि वाल्मीकि मंदिर में हवन किया गया। शोभायात्रा के दौरान महर्षि वाल्मीकि, राम-लक्ष्मण, लव-कुश, भगवान शंकर, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि विधायक कंवर सिंह यादव की पुत्रवधु प्रीति यादव ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। जयंती से पूर्व रात्रि को मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि ने कहा कि महर्षि की रचनाओं में से एक रामायण, जीवन जीने के लिए आदर्श सिखाती हैं। सभी को रामायण से प्रेरणा लेनी चाहिए। बुधवार रात को वाल्मीकि मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रधान पंकज सिरसवाल, उपप्रधान संजय सिंधी, प्रकाश चंद, संदीप छोटनियां, रमेश सिधी, पवन, अजय, दीपक उर्फ गोलू, अशोक सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
यादव धर्मशाला में महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर किया पुष्प अर्पित
महेंद्रगढ़। यादव धर्मशाला में वीरवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। यादव सभा के पदाधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर यादव सभा के प्रधान अधिवक्ता अभय सिंह यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन हर युग में संपूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस मौके पर यादव सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो संख्या:76- वाल्मीकि जयंती पर बालाजी चौक पर शोभा यात्रा निकालते समाज के लोग--संवाद