नारनौल। शहर में प्रमुख बाजार, प्रमुख स्थलों और कई मोहल्लों में कूड़े के उठान की व्यवस्था नियमित नहीं होने के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह कूड़ा उठाने वाली गाड़ी जाती ही नहीं। कुछ जगह पर तीन दिन में एक बार पहुंचती है। उठान नियमित नहीं होने से सड़क पर कूड़ा का ढेर लगा रहता है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मोहल्ला पुरानी मंडी और कान्नड दास तालाब के नजदीक रहने वाले स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़े का उठान करने वाली गाड़ी सप्ताह में तीन बार आती है। लोगों ने बताया कि कूड़ा का उठान करने वाली गाड़ी आने का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह 5 बजे आ जाती है तो कभी 11 बजे तक आती है।
मोहल्ला नई सराय के स्थानीय लोगों का कहना है कि गाड़ी कभी रोज आ जाती है और कभी सप्ताह भर तक गाड़ी नहीं आती है। जिस कारण लोग सड़क पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
मोहल्ला पुरानी मंडी और नई सराय के स्थानीय लोगों द्वारा अलग-अलग माध्यम से नगर परिषद सफाई शाखा को अवगत करवाया चुके हैं। शिकायत करने के बाद कुछ दिन तक गाड़ी नियमित रूप से आती है, उसके बाद समस्या फिर से जस की तस बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को नियमित किया।
31 टेंपू और 4 ट्रैक्टर के सहारे नगर परिषद
शहर के सभी 31 वार्ड, प्रमुख बाजार और प्रमुख स्थानों पर से कूड़ा उठाने के लिए और डोर टू डोर कूड़े के उठान का कार्य टेंपू और ट्रैक्टर द्वारा किया जाता है। नगर परिषद के पास 31 टेंपू और 4 ट्रैक्टर उपलब्ध है। जिसमें से फिलहाल 28 टेंपू और 4 ट्रैक्टर द्वारा कूड़े का उठान किया जा रहा है।
वर्जन:
प्रयास हैं कि शहर में हर स्थान पर सफाई हो। लोगों को समस्या का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए कूड़े उठान का कार्य सुबह 5 बजे से 11 बजे तक किया जाता है। कूड़े उठान का कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है, लेकिन कई बार ड्राइवर बदलने के कारण इस तरह की समस्या हो सकती है। -प्रवीण कुमार, जेई,नगर परिषद