नारनौल। मोहल्ला प्राणपुरा के लोग लंबे समय से सीवरेज और पेयजल सप्लाई लीकेज से परेशान हैं। लीकेज के कारण दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। लोगों ने इस बाबत कई बार संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई साल पहले की बिछी हुई सीवरेज लाइन और पेयजल सप्लाई लाइन जगह-जगह से लीकेज हैं, जिसके कारण सीवरेज का दूषित पानी हमेशा सड़क पर जमा रहता हैं। वहीं पेयजल सप्लाई लीकेज के कारण जब पानी छोड़ा जाता हैं तो साफ पानी सीवरेज के दूषित पानी के साथ मिश्रित होकर लोगों के घरों तक पहुंच जाता है। पानी से हमेशा दुर्गंध आती रहती है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब तक सीवरेज और पेयजल सप्लाई के लीकेज को स्थायी रूप से सही नहीं कर दिया जाता यह समस्या बनी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना हैं कि इस बाबत कई बार संबंधित विभाग में अलग-अलग माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन हर बार समाधान के नाम पर लीपापोती कर दी जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता है। लोगों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
दैनिक जरूरतों के साथ-साथ खाना पकाने और पीने के लिए मजबूरन इस दूषित पानी का उपयोग करते हैं, जिससे बच्चों सहित सभी को बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
बिमला देवी, स्थानीय निवासी।
जब तक सीवरेज लाइन और पेयजल सप्लाई के लीकेज ठीक नहीं किए जाते हैं, तब तक स्थायी समाधान नहीं होगा और समस्या जस की तस बनी रहेगी। प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
माया देवी, स्थानीय निवासी।
इस समस्या के बाबत कई बार शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन हमेशा लीपापोती कर दी जाती है। प्रशासन से अपील हैं कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए।
इंद्रलाल, स्थानीय निवासी।