नारनौल। नारनौल में धरने पर बैठे बिजली कर्मचारियों को कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया व किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर कृष्ण राव ने भी अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर कृष्ण राव ने हरियाणा बिजली नियामक आयोग द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिए जाने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसे महत्वपूर्ण जनसेवा क्षेत्र में निजी कंपनियों को बढ़ावा देने का यह फैसला प्रदेश के आम उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों और बिजली कर्मचारियों के हितों पर सीधा प्रहार है। प्रदेश सरकार को जनहित और सार्वजनिक क्षेत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए और इसे वापस लेना चाहिए।