नारनौल। नेशनल हाईवे 11 पर गांव सुराना के पास ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक राजस्थान के बहरोड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था। हादसे के बाद गांव सुरानी में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ओवरलोड ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मृतक नवीन (28 वर्षीय) निवासी सुरानी मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्रतिदिन की भांति बहरोड निजी स्कूल में पढ़ाने के लिए जा रहा था। जब वह अपने गांव सुरानी से दो किलोमीटर की दूरी पर आरपीएस स्कूल के पास पहुंचा तो नारनौल से आ रहे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली ने मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल नवीन को निजी वाहन तुरंत नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक नवीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था तथा अविवाहित था। नवीन की एक बहन है जोकि शादीशुदा है।परिवार की पूरी जिम्मेदारी नवीन पर ही थी। नवीन की मौत के बाद माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। युवक की मौत का समाचार जैसे ही स्कूल में लगा सभी अध्यापकों व बच्चों में मातम छा गया।