नारनौल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 9 मार्च को सुबह 10 बजे सभी प्रकार के मामलों के निपटारों के लिए कोर्ट परिसर नारनौल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व 5 मार्च को दोपहर 1.30 बजे मोटर दुर्घटना ट्रिब्यूनल मामलों के निपटारे के लिए प्री-लोक अदालत आयोजित होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलजा गुप्ता ने बताया कि 5 मार्च को कोर्ट परिसर नारनौल में रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी, आईसीआईसीआई लांबार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी, भारत एक्सा जनरल इंश्योरेंस कंपनी, इफ्को टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी व अन्य इंश्योरेंस कंपनी से संबंधित मामलों की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र प्रसाद व अधिवक्ता सुधीर कुमार की बैंच द्वारा की जाएगी। इसी प्रकार न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, एसीकेओ इंश्योरेंस कंपनी, जेयूएनएनओ जनरल इंश्योरेंस कंपनी व गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस कंपनी से संबंधित मामलों की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डाॅ. डीएन भारद्वाज व अधिवक्ता एमपी शर्मा की बैंच द्वारा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ओरियंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी व कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस से संबंधित मामलों की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज गुप्ता व अधिवक्ता विजय कुमार की बैंच द्वारा की जाएगी। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी ईआरजीओ जनरल इंश्योरेंस कंपनी व लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस कंपनी से संबंधित मामलों की सुनवाई अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमन दीप दीवान व अधिवक्ता केसर सिंह की बैंच द्वारा की जाएगी।