कनीना। सेना में भर्ती के लिए शुरू की गई अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं द्वारा किए जा रहे विरोध, प्रदर्शन को देखते हुए सोमवार को पुलिस ने कस्बे के कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा कोचिंग सेंटरों की जांच की सूचना के बाद कई संचालक तो अपने सेंटर को बंद कर गए। इस दौरान डीएसपी राजीव कुमार ने कोचिंग संस्थानों में उपस्थित युवाओं को अच्छे से अपनी तैयारी करने व किसी के बहकावे में आकर गलत कदम न उठाने की सलाह दी। डीएसपी राजीव कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधियों में शामिल युवाओं पर मामले दर्ज हो गए तो किसी भी भर्ती प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाएंगे। उन्होंने युवाओं को सरकारी भर्तियों की मन लगाकर तैयारी करने व किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी।