गांव आकोदा में मंगलवार आधी रात बाद एक पिकअप ने 11वीं के छात्र को टक्कर मार दी। जिसमें छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिकअप गाड़ी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। गांव आकोदा निवासी 17 वर्षीय कृष्ण गांव के ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए रात के समय डीजे पर काम करता था। मंगलवार को वह किसी शादी समारोह में डीजे के साथ गया था। देर रात करीब दो बजे पैदल गांव के बस अड्डे से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी बीच एक अज्ञात पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोगों ने घायल कृष्ण को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई देेवेंद्र के बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। बता दें गांव आकोदा 148 बी पर स्थित है। गांव में रोड बेहद जर्जर हालत में है। यहां पिकअप, ओवरलोड डंपर जानलेवा साबित हो रहे हैं। इसी महीने गांव नांगल सिरोही में साइकिल सवार दो छात्रों को डंपर ने कुचल दिया था जिसमें एक छात्र की मौत हो गई थी।