नारनौल। देश में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों के बीच स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार और मंगलवार को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सिविल अस्पताल में सुबह लगभग दस से साढ़े 10 बजे मॉक ड्रिल होगी जबकि बाकी सब डिवीजन अस्पताल, सीएचसी में एसएमओ द्वारा अपनी सुविधा अनुसार मॉक ड्रिल करवाएंगे। मॉक ड्रिल के दौरान विभाग के पास मौजूद सभी रिसोर्स यानी उपकरणों की जांच की जाएगी कि वह किस स्थिति में है। मॉक ड्रिल को लेकर सोमवार को सीएमओ डॉ. रमेशचंद आर्य, नोडल ऑफिसर डॉ. अविनाश पूनिया ने तैयारी की समीक्षा भी की हैं। सिविल अस्पताल में सुबह दस से साढ़े 10 बजे के बीच मॉक ड्रिल शुरू होगी। इसमें विभाग के पास मौजूद सभी उपकरणों, आईसीयू का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा बेड़ों की स्थिति जांची जाएगी। इसी प्रकार से सिविल अस्पताल में मौजूद ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया जाएगा और उसकी स्थिति देखी जाएगी। इसी प्रकार से वेंटिलेटर व अन्य सामान की भी जांच की जाएगी। इसी प्रकार से महेन्दरगढ़, नांगल चौधरी, सतनाली, कनीना, अटेली में भी यही स्थिति जांची जाएगी। मॉक ड्रिल पूरा होने के बाद उसकी रिपोर्ट मुख्यालय के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी ताकि मुख्यालय को स्थिति से अवगत कराया जा सके।
कई दिनों बाद हुई सैंपलिंग
रामपुरा आरटीपीसीआर लैब में कई दिनों के बाद सैंपल की जांच हुई हैं। लम्बे समय से पेंडिंग पड़े सैंपल की जांच की गई हैं। यहां पर आरएनए किट खत्म हो चुकी थी, जो दो दिन पहले ही आई हैं।
नहीं मिला कोई पॉजिटिव
जिले में रविवार को आई सैंपल की रिपोर्ट में कोई कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला हैं। जिले में दो एक्टिव मरीज हैं।
मॉक ड्रिल को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सोमवार सुबह मॉक ड्रिल की जाएगी। इसमें सभी उपकरण की फिजिकल जांच कि जाएगी की वह सही काम कर रहे हैं या नहीं।
-डॉ. रमेशचंद आर्य, सिविल सर्जन