नारनौल। केंद्रीय सरकार द्वारा जारी पीएम सूर्य घर योजना के तहत क्षेत्र में पंजीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। इस योजना के तहत कम आय और कम खपत वाले एक करोड़ घरों पर सोलर पैनल फ्री लगाए जाएंगे। ऐसे परिवारों को हर महीने 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। यदि आय ज्यादा है तो सोलर प्लांट लगाने के लिए 30 हजार से लेकर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी सरकार द्वारा दी जाएगी। इस योजना के तहत हर जिले में एक माडल सौर गांव विकसित किया जाएगा।
इस योजना के तहत देश के 1 करोड़ लोग लाभ उठा सकेंगे। अगर पंजीकरण 1 करोड़ से ज्यादा होते हैं तब पहले आओ पहले पाओ के आधार पर चयन किया जाएगा। इस योजना के तहत 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं 2 किलोवाट और 3 किलोवाट पर क्रमशः 60 हजार और 78000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। सब्सिडी के पश्चात लागत की शेष राशि के लिए 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंक से लोन भी ले सकते हैं। इस योजना के लाभार्थी मुफ्त बिजली के साथ-साथ आय भी कर सकते हैं। सोलर पैनल द्वारा उत्पादित बिजली के उपभोग के बाद बची हुई बिजली को उपभोक्ता सरकार को बेच कर मुनाफा कमा सकते हैं।
नारनौल खंड में 636 लोगों ने करवाया अब तक पंजीकरण
डाक विभाग द्वारा डोर टू डोर जाकर इस योजना के लिए पंजीकरण किए जा रहें हैं। 11 मार्च तक नारनौल खंड में 636 लोगों ने पंजीकरण करवाया हैं। डाक विभाग के अलावा लोग पीएम सूर्य घर एप और नजदीकी सीएससी केंद्र से भी पंजीकरण करवा सकते हैं।
डाक विभाग द्वारा पंजीकरण का कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है। लोगो में इस योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह है। हमारा प्रयास है की ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ें ताकि योजना का लाभ उठा सकें।
अशोक कुमार गर्ग, पोस्ट मास्टर मुख्य डाकघर नारनौल।