सीहमा। नेशनल हाईवे 152-डी पर कट छोड़ने की मांग को लेकर 13 गांवों के ग्रामीणों ने रविवार को जाट गुवाना स्थित टोल प्लाजा पर अनिशिचितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
रविवार सुबह टोल प्लाजा पर जाट गुवाना, दुबलाना, सागरपुर, खत्रीपुर, गुवाणी, नूनी, सलूणी, खासपुर, खामपुरा, शहरपूर, भौडी, तिगरा व सीहमा के ग्रामीण धरना देने पहुंचे। धरने पर बैठे लोगों ने सरकार से सड़क पर वाहन चढ़ाने और उतारने के लिए दोनों ओर कट छोड़ने की मांग की। टोल प्लाजा पर जहां आस-पास के गांवों के ग्रामीणों के साथ नव निर्वाचित सरपंच और उनके जनप्रतिनिधि भी पहुंचे और ग्रामीणों की जायज मांग का समर्थन किया।
लोगों ने कहा कि पिछले दो साल से स्थानीय मंत्री, डिप्टी सीएम, केंद्रीय मंत्री, जिला प्रशासन को अनेक बार वाहन कट के ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन उन्हें केवल झूठे आश्वासन मिल रहे हैं। धरने की जानकारी पाकर जिला प्रशासन की ओर से मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। वहीं कांग्रेसी नेता और पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपनी बेशकीमती जमीन सरकार को कम दामों पर दी है ऐसे में उनके वाहनों को इस सड़क मार्ग पर चढ़ने उतरने के लिए कट दिया जाना चाहिए। उन्होंने मौके पर उपायुक्त से इस मामले में लोगों की जायज मांग को पूरा करने का अनुरोध किया। दोपहर को एसडीएम मनोज कुमार, एनएचआईए के अधिकारी एनके सिंह और डीएसपी नरेंद्र सांगवान भी मौके पर पहुंचे और लोगों की मांग सुनी।
इसके बाद धरने पर बैठे लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने आश्वासन दिया की जल्द ही उनका ज्ञापन उच्च अधिकारियों को पहुंचा कर कट छुड़वाने का प्रयास करेंगे। एसडीएम मनोज कुमार ने ग्रामीणों के साथ पैदल चलकर टोल प्लाजा पर अस्थायी कट का निरीक्षण किया। वहीं मौके पर उपस्थित एनएचआईए के अधिकारी एनके सिंह से कहा कि वे अपने उच्च अधिकारियों से ग्रामीणों की उचित मांग को जल्द पूरा करवाने का प्रयास करेंगे। धरना दे रहे 13 गांवों के ग्रामीणों ने उनकी मांग पूरी नहीं होने तक टोल प्लाजा पर शांतिपूर्वक अनिश्चित कालीन धरना जारी रखने का निर्णय लिया।