फोटो नंबर-18नारनौल में एसपी निवास के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करते हुडा सेक्टर के लोग। संवाद
नारनौल। शहर के महेंद्रगढ़ रोड स्थित पॉश काॅलाेनी हुडा सेक्टर में आए दिन बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर रविवार को प्रशासन पर सेक्टर में रहने वाले लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसे लेकर के लोगों ने पहले तो कम्यूनिटी सेंटर में एक बैठक आयोजित की। बैठक के बाद सभी लोग अपनी मांगों को लेकर जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने के लिए गए। हुडा सेक्टर के लोग पहले उपायुक्त निवास पर पहुंचे और यहां उन्होंने कुछ देर प्रदर्शन भी किया। इसके बाद उपायुक्त की गैर मौजूदगी में उन्होंने कैंप कार्यालय में मौजूद कर्मचारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद सभी जिला पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के निवास पर पहुंचे। जहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें कुछ देर में एसपी से मिलवाने की बात कहीं। इस बात को लेकर जब काफी देर हो गई तो सेक्टर के लोगों का गुस्सा और भी बढ़ गया। जिसके चलते उन्होंने एसपी निवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन सौंपने आए लोगों का कहना था कि अधिकारियों का जनता के प्रति ऐसा रुख नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में आधे घंटे से सेक्टर के लोग खड़े हैं और अधिकारी है कि हमारी फरियाद ही सुनने नहीं आ रहे। हुडा के लोगों ने कहा कि हम जो ज्ञापन देने आए हैं उनमें से बहुत से लोग क्लास वन टू के रिटायर्ड अधिकारी है और बाकी शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी हैं। हुडा के लोगों ने कहा कि सरकार ने अधिकारियों को इतनी बड़ी कोठी इसलिए नहीं दे रखी कि वे इसे बंद करके बैठे रहे। अपितु यह इसलिए है कि अगर अधिकारी को समय लगे तो इंतजार करने वाले लोग अंदर छाया में बैठे सके ना की उन्हें गेट के बाहर धूप में खड़ा रखा जाए। हुडा के लोगों का गुस्सा बढ़ता देख मौके पर डीएसपी हरदीप सिंह पहुंचे और उनका गुस्सा शांत कर सेक्टर की सुरक्षा का पूर्ण आश्वासन दिया। हुडा सेक्टर के लोगों ने ज्ञापन में प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि हमारे सेक्टर में असामाजिक तत्वों द्वारा आपराधिक घटनाओं को लगातार अंजाम दिया जा रहा है। जैसे महिलाओं की चेन स्नैचिंग, घरों में घुसकर चोरी, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार तथा हाल ही में सेवानिवृत प्रोफेसर विष्णु कुमार के मकान नंबर 38 पार्ट-एक में पिस्तोल से किया गया हमला जैसी गंभीर घटनाएं शामिल है। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के कारण सेक्टर में असुरक्षा व भय का माहौल उत्पन्न हो गया है, जिससे आम नागरिक विशेषकर महिलाए, बच्चे एवं वृद्ध अत्यधिक परेशान है। इसलिए सेक्टर की सुरक्षा को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए, पुलिस पैट्रोलिंग बढ़ाई जाए, अनाधिकृत प्रवेश रास्तों पर रोक लगाई जाए तथा सेक्टर में घूम रहे आपराधिक किस्म के लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।