मंडी अटेली। डॉक्टर और इंजीनियर बनना ही सब-कुछ नहीं है, इससे बेहतर और भी विकल्प हो सकते हैं। इसलिए अभिभावक बच्चों पर अपनी इच्छा न थोंपे। उक्त विचार साहित्यकार और शिक्षाविद् डॉ. रामनिवास मानव ने कांटी स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल चेयरमैन संदीप चौहान ने की।
कार्यक्रम में राज्यपाल द्वारा सम्मानित कवि गीतकार डॉ. सीएस वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वार्षिक उत्सव में स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षाविद् डॉ. कांता भारती ने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के समन्वित प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। चेयरमैन संदीप चौहान ने स्कूल की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्कूल गत 17 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को संवारने और मुखर बनाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर सुंदरलाल सुबोध, विनोद कुमार, प्राचार्य कमोद सिंह, सेवानिवृत डीआईजी रविंद्र चौहान, हरी सिंह चौहान, बाबूलाल यादव, जगदीश प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद