हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेविवि) में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए जारी दाखिले की प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों के लिए 3 नवंबर को तीसरी ऑनलाइन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने तीसरी काउंसिलिंग के पश्चात 11 नवंबर को ओपन फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित करने का निर्णय लिया है। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए विद्यार्थियों को अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अब तीसरी ऑनलाइन काउंसिलिंग कराई जा रही है। इसके बाद यदि सीट रिक्त रह जाती हैं तो उनपर 11 नवंबर को फिजिकल काउंसिलिंग के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे।
विवि के सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) 2022 के नोडल अधिकारी डॉ. फूल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में उपलब्ध रिक्त सीटों में दाखिले के लिए तीसरी ऑनलाइन काउंसिलिंग 3 नवंबर को आयोजित होगी। जिसके पश्चात यदि सीटें रिक्त रह जाती हैं तो 7 नवंबर को उनकी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इन सीटों पर दाखिले के लिए 11 नवंबर को ओपन फिजिकल काउंसिलिंग का आयोजन किया जाएगा। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।