नारनौल। नांगल चौधरी के ढाकोडा पावर हाउस के पास दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक के पिता की शिकायत पर दूसरी बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शिकायत में नांगल चौधरी निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वीरवार देर सायं वह ढाकोडा स्थित बाबा गोरधनदास के मंदिर से आ रहा था। इस दौरान रास्ते में ढाकोडा पावर हाउस के सामने उनका बेटा पंकज व उसका साथी प्रिंस रोड के एक तरफ खडे़ थे। वह दोनों एक युवक से बात कर रहे थे। जब वह बाइक लेकर चलने लगे तो पीछे से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे उसका बेटा पंकज व प्रिंस सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम देकर बाइक सवार मौके से भाग गया। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से नांगल चौधरी अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया। जहां उसके बेटे पंकज की गंभीर हालात होने पर उसे रेफर कर दिया। उसे गंभीर हालात में कोटपुतली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर बाइक सवार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।