148बी स्टेट हाईवे से घुमती गोवंशों का झुंड---संवाद
- फोटो : Narnol
महेंद्रगढ़। लंपी चर्म रोग का संक्रमण अब गांवों में पहुंच चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में धीमी रफ्तार से वैक्सीनेशन के कारण अब धीरे-धीरे स्थिति बिगड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्र में पशुओं की मौत के आंकड़े भी लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं अभी तक प्रवासी चरवाहों पर को नहीं लगाई गई। एक सप्ताह में गांव बुचावास में छह और अगिहार में एक पशु की मौत हो चुकी है।
प्रवासी चरवाहों के आने पर रोक नहीं लगाने के कारण गांव पाथेड़ा के नजदीक रविवार को एक हजार से अधिक गायों के झुंड नजर आया। गांव बुचावास में पिछले एक सप्ताह के दौरान छह पशुओं की मौत हो चुकी है जबकि गांव अगिहार में एक पशु की मौत हुई है। बुचावास निवासी सुमित कुमार ने बताया कि राजस्थान से आने वाले चरवाहों के झुंड अभी भी क्षेत्र में घूम रहे हैं जिससे गांवों में भी संक्रमण फैल चुका है। पशु पालन विभाग एवं प्रशासन द्वारा अभी तक इनपर कोई रोक नहीं लगाई है। गांव बुचावास में पिछले एक सप्ताह के दौरान संक्रमण से छह पशुओं की मौत हो चुकी है।
पशु पालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिला की गोशालाओं में तेजी से वैक्सीनेशन का काम पूरा कर दिया गया है लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्टाफ का अभाव आड़े आ रहा है। एक वीएस व एक वीएलडीए तथा एक सहायक के सहारे तीन से चार गांव हैं। ऐसे में टीकाकरण अभियान भी धीरे चल रहा है। एक टीम एक दिन में महज एक गांव को ही कवर कर पाती है जिससे अन्य गांवों में तेजी से संक्रमण फैल रहा है। महेंद्रगढ़ क्षेत्र में वीएस के छह पद रिक्त हैं।
- वर्जन:
पिछले एक सप्ताह के दौरान विभाग की टीमों ने तेजी से वैक्सीनेशन का काम किया है। संक्रमण अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। वैैक्सीन लगने के बाद पशु की 21 दिन में इम्यूनिटी बढ़नी आरंभ हो जाएगी। प्रवासी चरवाहों के जिले से बाहर भेजने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर शीघ्र ही इनको बाहर भेजा जाएगा।
--- डॉ. नसीब सिंह, उप निदेशक पशुपालन एवं डेयरी विभाग