कनीना। साइबर अपराध के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, कॉलेजों और स्कूलों में समय–समय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कनीना आरडीआर जनसेवा नर्सिंग में साइबर अपराध रोकथाम जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
शहर थाना प्रभारी कमलदीप राणा व उनकी टीम ने साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। टीम ने नर्सिंग की छात्राओं को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी है। कमलदीप राणा ने छात्राओं को जागरूक करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार ना करें। यदि आपका ऑनलाइन दोस्त आपकी व्यक्तिगत जानकारी या किसी भी फोटो, वीडियो की मांग करता है तो उसके साथ कभी भी साझा न करें।