महेंद्रगढ़। शहर के सब्जी मंडी के पास छह माह पहले ठेकेदार को पेमेंट नहीं होने से सामुदायिक भवन का काम रुक गया था। नगर पालिका की ओर से ठेकेदार की बकाया पेमेंट को फाइनेंस कमेटी की ओर से अप्रूवल मिल चुकी है। अब जल्द ही सामुदायिक भवन का कार्य शुरू किया जाएगा। तत्कालीन मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल 2.62 करोड़ रुपये से बनने वाले शहर के एकमात्र सामुदायिक भवन का काम छह माह पहले ठेकेदार की पेमेंट का भुगतान नहीं होने के कारण अटक गया था।
शहर की सब्जी मंडी के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अब सिर्फ 10 प्रतिशत ही काम रुका हुआ है। शहर की 50 हजार की आबादी के लिए एकमात्र सामुदायिक भवन का निर्माण 5 मई 2022 को शुरू किया गया था। बता दें कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से शहर की सब्जी मंडी के नजदीक लोगों की सुविधा के लिए सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की थी। ठेकेदार की ओर से 5 मई 2022 को निर्माण कार्य शुरू किया गया था। 90 प्रतिशत कार्य पूरा होने के बावजूद भी ठेकेदार को अभी तक महज 1.50 करोड़ रुपये की पेमेंट हो पाई है। नगर पालिका में अप्रूवल कमेटी की ओर से ठेकेदार का बकाया एक करोड़ रुपये की पेमेंट की मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा सामुदायिक भवन बनाने की समय अवधि खत्म हो चुकी है। समय अवधि बढ़ाने के लिए नगर पालिका की ओर से दोबारा से फाइल को डीएमसी के पास भेजा जाएगा।
यह मिलनी थी शहरवासियों को सुविधा
सामुदायिक भवन में तीन बड़े कमरे, एक बड़ा हॉल, जिसमें 500 से अधिक लोग एक साथ बैठ सकें, एक बड़ा किचन बनाया हुआ है। ऊपर जाने के लिए दोनों तरफ सीढ़ियां लगाई गई हैं। प्रत्येक में अलग से शौचालय की सुविधा भी है। इसके अलावा आमजन के लिए एक सार्वजनिक शौचालय, पार्किंग व्यवस्था का निर्माण किया गया है। शहरवासियों को छोटे-मोटे सामूहिक आयोजनों के लिए निजी समारोह स्थलों की ओर देखना पड़ता है। इसके लिए उन्हें भारी भरकम राशि भी खर्च करनी पड़ती है। सामुदायिक भवन का महज 10 प्रतिशत ही निर्माण शेष है। वर्तमान में सामुदायिक भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है। ठेकेदार की बकाया पेमेंट का भुगतान होते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
-
वर्जन
ठेकेदार को बकाया पेमेंट का भुगतान नहीं होने के कारण छह माह पहले निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का कार्य रुक गया था। अब नगर पालिका की अप्रूवल कमेटी की ओर से सामुदायिक भवन की बकाया पेमेंट की मंजूरी दे दी है। इसके अलावा सामुदायिक भवन के निर्माण की समय अवधि बढ़ाने के लिए फाइल उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्द ही सामुदायिक भवन का शेष 10 प्रतिशत का कार्य पूर्ण किया जाएगा।
-रमेश सैनी, चेयरमैन, नगरपालिका महेंद्रगढ़।