फोटो नंबर-09नारनौल के बाजार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लगा जाम। संवाद
नारनौल। बाजार में कहीं भी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है। इसकी वजह से आसपास के क्षेत्र के लोग बाजार में खरीददारी करने के लिए आते हैं।
यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं मिलने से बेतरतीब ढंग से वाहन दुकानों के आगे खड़े कर देते हैं। इसकी वजह से बाजार दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। अब दीपावली के नजदीक यह समस्या और भी गंभीर हो जाएगी। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से आने वाले दिनों में जाम के हालात बने रहने की संभावना है।
शहर में पार्किंग नहीं होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी महावीर मार्ग, पुल बाजार, पुस्तक गली, मानक चौक, आजाद चौक, पार्क रोड गली, मोहिनी गली तथा बजाजा बाजार में रहती है। इन बाजारों में पार्किंग नहीं होने के कारण दुपहिया वाहन दुकानों के बाहर बेतरतीब खड़े रहते हैं। बाजार में सामान लेने के आने वाले लोग भी जिस दुकान से सामान लेते हैं, उसी के सामने अपने वाहन को खड़ा कर देते हैं। ऐसे में बाजार के अंदर सड़क पर नाम मात्र ही जगह रह जाती है। इन बाजारों में अगर गलती से चौपहिया वाहन आ जाए तो जाम ऐसा लग जाता है कि लोग पैदल भी नहीं निकल पाते हैं। परंतु प्रशासन द्वारा जाम की इस स्थिति से निपटने के लिए अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे यह जाम की समस्या आए दिन बढ़ती ही जा रही हैं।
बाजार में जाम नहीं लगे इसके लिए पुरानी कचहरी व चितवन वाटिका में लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए कहा जाता है। बाजार में जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस द्वारा गश्त भी लगाई जाएगी। वहीं बाजार में दुकानों के बाहर वाहन न खड़ा करने के लिए लोगों को अवगत करवाया जाएगा।
नरेश कुमार, यातायात प्रभारी, नारनौल।