नारनौल/महेंद्रगढ़/कनीना। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को न्यायिक परिसर नारनौल, महेंद्रगढ़ व कनीना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलजा गुप्ता ने बताया कि इस लोक अदालत में नारनौल में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज गुप्ता, अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन अमित सिहाग व सिविल जज जूनियर डिवीजन अमनदीप की बैचों, कनीना में अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन मैनका सिंह व महेंद्रगढ़ में सिविल जज जूनियर डिवीजन मंजीत पाल न्यायाधीशों की बैचों द्वारा फैसले किए गए।
लोक अदालत में वाहन दुर्घटना मुआवजा केस, वैवाहिक मामले, जमीन अधिग्रहण मुआवजा से संबंधित मामले, दीवानी मामले जैसे की किराया, बैंक ऋण, बच्चों व पत्नी के लिए भरण-पोषण, बैंक बाउंस व राजीनामा योग्य फौजदारी मामलों को रखा गया। लोक अदालत में कुल 22959 केस निपटारे के लिए रखे गए जिनमें से 11837 केसों का फैसला किया गया। इसमें 36 मोटर वाहन दुर्घटना से संबंधित मामलाें में कुल एक करोड़ 73 लाख 3 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया। शैलजा गुप्ता ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नारनौल के ओर से एक हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 चलाया हुआ है, जिस पर भी आमजन किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी ले सकते हैं।