कनीना। न्यायिक परिसर कनीना में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलजा गुप्ता ने बताया कि 11 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत की सुनवाई के लिए लोक अदालत बैंच का गठन किया गया है। इस बैंच के अध्यक्ष कनीना न्यायालय के जेएमआईसी प्रवीण कुमार व सदस्य पूर्व प्रधान ओपी रामबास रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में वैवाहिक, पारिवारिक विवाद, आपराधिक मामले जो की मिश्रित हों, भूमि अधिग्रहण मामले, बैंक रिकवरी, पेंशन मामले, उपभोक्ता शिकायतें, बिजली मामले, टेलीफोन बिल विवाद, अन्य दीवानी मामले जैसे विभाजन, कब्जे के मामले से संबंधित, किराया मामले निपटारे के लिए रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 पर आमजन लोक अदालत व अन्य कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी कॉल कर कानूनी जानकारी ले सकते हैं।