चामधेड़ा रोड पर बन रही सड़क का कार्य धीमी गति से होने के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं सड़क के निर्माण में अनेक खामियां होने के कारण लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने निर्माण कार्य को रुकवाया उसके बाद मौके पर आये पीडब्ल्यूडी के जेई आलोक कुमार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण में जो कमियां हैं उन्हें दूर किया जायेगा और कार्य को गति दी जायेगी।
मौहल्ला नाथूवाला से अटेली रोड तक सड़क निर्माण के लिए विभाग ने टेंडर कर कार्य शुरू करवा दिया था। पिछले दस दिनों से पंच मुखी हनुमान मंदिर के पास का कार्य शुरू किया हुआ है लेकिन कार्य धीमी गति से चलने के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। इस सड़क मार्ग पर पांच निजी स्कूल हैं जिस कारण विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सब्जी मंडी में जाने वाले किसानों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस सड़क मार्ग से अटेली रूट पर आने वाले दर्जनों गांवों के लोगों का भी दिन-रात आवागमन रहता है। स्थानीय निवासी पूर्व पार्षद बंसीलाल सैनी, मा. दिनेश सैनी, अशोक बालरोडिय़ा, रामबिलास सैनी, छोटू, हीरालाल यादव, जोगेन्द्र यादव, बिल्लू , नरेश सैनी, सुरेंद्र सैनी, रवि सैनी, कमल सैनी आदि लोगों ने निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर रोष व्यक्त किया और सड़क निर्माण में बरती जा रही ढिलाई व अनियमितताओं से नाराज होकर सड़क निर्माण को रुकवा दिया। उसके बाद विभाग के जेई आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि पहले सड़क की चौड़ाई 23 फीट थी परंतु अब इसे 18 फीट किया जा रहा है जो कि नियमों की सरासर अवहेलना है। वहीं सड़क निर्माण में लेवलिंग का भी ध्यान नहीं रखा गया। सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी का भी ध्यान नहीं रखा गया। जेई आलोक कुमार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर कार्यवाही की जायेगी और सड़क निर्माण में सभी नियमों को ध्यान में रखकर कार्य किया जायेगा।