महेंद्रगढ़। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल कर्मचारी यूनियन के शाखा प्रबंधक धर्मवीर यादव ने बताया कि फील्ड कर्मचारियों की समस्याएं काफी लंबे समय से लंबित पड़ी हुई है। इसी को लेकर 29 सितंबर को अधीक्षक अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी परिमंडल नारनौल के कार्यालय पर शांतिपूर्ण ढंग से मांगों को हल करवाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मंडल कार्यालय महेंद्रगढ़ द्वारा कर्मचारियों की मांगो को कार्यकारी अभियंता रविंद्र गोठवाल द्वारा लागू न करने के कारण यूनियन शिष्टमंडल व कर्मचारी वर्ग में भारी रोष व्याप्त था। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन, आमरण अनशन पर थे। 10 अगस्त को अधीक्षक अभियंता द्वारा आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर अनशनकारी कर्मचारी नेताओं को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया था और शिष्टमंडल को आश्वासन दिया गया कि एक सप्ताह के अन्दर-अन्दर सभी मांगों व समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा लेकिन बड़ा खेद का विषय है कि 2 माह बीत जाने के बाद भी किसी भी समस्या का कोई समाधान नहीं करवाया गया। जिससे कर्मचारी में भारी रोष व्याप्त है। संगठन को मजबूर होकर नारनौल के कार्यालय पर विरोध करना पड़ेगा। जिसकी सारी जिम्मेवारी अधीक्षक अभियंता की होगी।