नारनौल। उपायुक्त संजीव वर्मा की अध्यक्षता में सैनिकों, पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिकों व उनके परिजनों की समस्याएं सुनने के लिए आज पंचायत भवन में लगाए गए खुले दरबार में कुल 62 शिकायतें आई। इन सभी पर डीसी ने जल्द से जल्द तक कार्रवाई करके उपायुक्त कार्यालय को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इन शिकायतों में 41 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थी जबकि 21 शिकायतें जिला सैनिक बोर्ड व डीपीडीओ से संबंधित प्राप्त हुई। इस संबंध में वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी को तय समय में निपटाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर अभी भी लगभग 200 शिकायतें हैं जिनमें से अधिकतर पंचायत विभाग से संबधित हैं। इन सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। सभी अधिकारी हर रोज 11 से 12 बजे तक कार्यालयों में मौजूद रहें और लोगों की शिकायतें सुनें। डीसी ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा करें। इस मौके पर एसडीएम सुरेश कुमार कासवां, नगराधीश सुनील कुमार व डीएसपी राजेश कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।