सतनाली। लोहारू-सतनाली सड़कमार्ग पर मंगलवार रात करीब 10 बजे गांव जवाहरनगर के समीप सतनाली की ओर आ रही एक कार में अचानक आग लग गई। हादसे में चालक व उसका साथी बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना पाकर सतनाली पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग ने कार को पूरी तरह अपने आगोश में ले लिया था। मौके पर मौजूद गाड़ी के चालक राजस्थान की ढाणी नेतराम वासी अनिल ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी अजय के साथ कार से अटेली जा रहा था कि गांव जवाहरनगर के समीप उनकी कार में अचानक तेज आवाज के साथ आग लग गई और उन्होंने गाड़ी से कूद कर अपनी जान बचाई। घटना के करीब एक घंटे बाद महेंद्रगढ़ से फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।