महेंद्रगढ़। डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर पालिका ने वार्ड-7 में फॉगिंग करवाई। नगर पालिका सचिव गौरव सांगवान ने बताया कि सोमवार को कर्मचारियों द्वारा वार्ड नंबर सात की विभिन्न गलियों में फॉगिंग की गई। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पानी के बर्तनों, टंकी, फ्रिज ट्रे, गमले आदि को नियमित रूप से खाली कर सुखाएं, क्योंकि डेंगू फैलाने वाला मच्छर रुके हुए पानी में पनपता है। नगर पालिका ने लोगों से आग्रह किया कि घरों के आसपास पानी का जमाव न होने दें। कूलर, फूलदान, पशु-पक्षियों के बर्तनों और होदियों को सुखाकर ही पानी भरें। तालाब या गड्ढों में जमा पानी को मिट्टी से भरें, और यदि ऐसा संभव न हो तो सप्ताह में एक बार उसमें काला तेल डालें। सचिव ने बताया कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छररोधी क्रीम लगाएं और घर के दरवाजों व खिड़कियों पर जाली अवश्य लगवाएं।