महेंद्रगढ़। बस स्टैंड परिसर में रोडवेज चालक और परिचालक ने यात्री की 2 लाख रुपये की लागत से रुपयों से बनी माला व 7 हजार रुपये की नकदी लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है। बस स्टैंड इंचार्ज वेदप्रकाश ने बताया कि दादरी डिपो के चालक संदीप व परिचालक अश्विन कुमार वीरवार को चंडीगढ़ से बस लेकर नारनौल के लिए रवाना हुए थे। बस में चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत नोनी शेखपुर निवासी जयसिंह भी अपने घर के लिए रवाना हुए थे। रोहतक जिले के लाखन माजरा गांव के समीप बस एक होटल पर रूकी।
इस दौरान जयसिंह भूलवश अन्य बस में सवार हो गए। रोडवेज चालक व परिचालक ने बस में बैग रखा देखा तो जांच की। बैग में 2 लाख रुपये की लागत से बनी माला और 7 हजार रुपये नकद मिले। यात्री जय सिंह के मोबाइल नंबर भी मिले। रोडवेज चालक व परिचालक ने यात्री जयसिंह को फोन पर सूचना देकर फोन पर उनका सामान सुरक्षित होने की सूचना दी और महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पहुंचकर अपना सामान लेने की बात कहीं। जय सिंह ने अपना सामान सुरक्षित मिलने पर रोडवेज चालक संदीप व परिचालक अश्वनी की ईमानदारी की प्रशंसा की।