नारनौल। रुपये की लेनदेन के विवाद में मंगलवार को गांव नांगतिहाड़ी में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बड़े भाई मुकेश ने बताया कि उन्होंने गजानंद को 30 हजार रुपये उधार दिए हुए थे। उसका छोटा भाई प्रमोद (26) रात को अपने दोस्त महेश के साथ गजानंद के घर पैसे मांगने गया था। जब प्रमोद ने गजानंद से पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। इस बात पर उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद उनकी यह कहासुनी झगड़े में बदल गई। गजानंद, अभिषेक, जयप्रकाश, सोनू, किरोसता तथा कृष्णा ने उसको डंडे, ईंट, थप्पड़ तथा मुक्कों से मारापीटा। सूचना मिलने पर वह स्वयं मौके पर पहुंच गया। वह अपने भाई घायल प्रमोद को बाइक पर बैठाकर नागरिक अस्पताल ले गया। रास्ते में उसने घटना के संबंध में जानकारी दी। मारपीट में महेश को भी चोटें आईं। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रमोद (26) ने दम तोड़ दिया जबकि महेश की गंभीर हालत को देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मारपीट तथा हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।