महेंद्रगढ़। 11 युवकों के प्राण बचाने वाले गांव खातोद निवासी एनडीआरएफ के जवान मुकेश फौजी को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीर योद्धा सम्मान से नवाजा गया।
वीरवार देर शाम एक ही रास्ता ट्रस्ट द्वारा दिल्ली के डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त रोबिन हिबू द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा अवाॅर्ड व 1.50 लाख की राशि का चेक देकर सम्मानित किया गया। मुकेश फौजी को यह अवाॅर्ड मिलने पर जिले के अनेक प्रबुद्ध जनों बधाई दी है। जीवन रक्षक पदक देने की सिफारिश भेजी
इससे पूर्व भी मुकेश फौजी को इस बहादुरी के लिए अनेक पुरस्कार मिल चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर की अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। वहीं जिला स्तरीय 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री एवं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया था।
गणपति की प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार की गई थी जान
9 सितंबर 2022 को गांव झगड़ोली की नहर में गणपति की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में नहर में डूबने से शहर के मोहल्ला ढाणी के चार युवकों की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान करीब 20 युवा नहर में डूब गए थे। मुकेश फौजी ने बहादुरी दिखाते हुए 11 युवाओं को बचाया था। हादसे के दौरान मुकेश फौजी का भांजा रेवाड़ी के निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती था। हादसे के दौरान भीड़ जमा देखकर बिना देरी किए मुकेश फौजी ने शीघ्रता से ही छलांग लगा दी थी।