नारनौल। वर्ष 2023 में सालभर अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने की दिशा में जिला पुलिस का लगातार सख्त रुख रहा है। जनवरी से दिसंबर माह तक जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी करने, अवैध हथियार रखने, जुआ, सट्टा खाईवाली करने वालों की धर पकड़ के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए गए।
जिला पुलिस ने इन मामलों में 538 एफआईआर दर्ज कर 850 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिले पुलिस ने जनवरी से दिसंबर माह तक 365 उद्घोषित अपराधियों व बेल जंपरों और 11 अति वांछित अपराधियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस ने इस साल 5 गैंग के सरगनाओं सहित 26 आरोपियों को भी दबोचा है, जिन पर जघन्य अपराधों के मामले दर्ज थे।
43 हजार वाहनों के काटे गए चालान
जनवरी माह में पुलिस द्वारा अभियान चलाकर यातायात नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया जाएगा। महेंद्रगढ़ पुलिस ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने को लेकर वर्ष 2023 में जनवरी से दिसंबर माह तक करीब 43 हजार वाहन चालकों के चालान किए गए।
12 माह में 500 से अधिक अवैध शराब कारोबारी दबोचे
एसपी नितिश अग्रवाल ने बताया कि जिला पुलिस ने जनवरी से लेकर माह तक अवैध शराब का धंधा करने वालों पर आबकारी अधिनियम के तहत 354 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में अब तक 500 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा लाखों रुपये कीमत की कुल अलग-अलग मार्का की 34641 बोतल शराब अंग्रेजी, 5857 बोतल शराब देसी, 3027 बोतल बीयर बरामद की गई।
नशीला पदार्थ बेचने वाले और तस्करी करने वाले 100 आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस ने जनवरी से दिसंबर तक नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों और बेचने वालों के खिलाफ 67 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए हैं। जिनमें पुलिस द्वारा 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा नशीले पदार्थ में 1 किलो ग्राम सुल्फा, 41 किलो 808 ग्राम गांजा, 226 किलो 409 ग्राम डोडा पोस्त व चरस, हीरोइन, स्मैक बरामद कर जब्त की गई। इसके साथ ही नशीली गोलियां और कैप्सूल भी जब्त किए गए।
अवैध हथियार रखने के 95 लोग काबू
जिले में अवैध हथियार रखने वालों पर 69 मामले शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज किए हैं। उक्त मामलों में 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 90 देसी पिस्तौल, 2 रिवॉल्वर और 144 कारतूस बरामद किए गए हैं।
सट्टा खाईवाली करवाने वाले 151 आरोपी पकड़े
जिला पुलिस इस वर्ष ताश के पत्तों पर पैसे दांव पर लगाकर जुआ खेलने वाले व सार्वजनिक स्थान पर सट्टा खाईवाली करने वालों के खिलाफ 58 केस दर्ज कर चुकी है। इन मामलों में पुलिस अब तक 151 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों से दांव पर लगे कुल 8,83,605 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
वर्ष 2023 में महेंद्रगढ़ पुलिस को काफी सफलताएं मिली है। अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब की अवैध बिक्री समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर खुफिया नेटवर्क नजर रख रहा है। ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों करने वाले की सूचना पुलिस को दें।
नितिश अग्रवाल, एसपी नारनौल।