महेंद्रगढ़। हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने रविवार को महेंद्रगढ़ सब्जी मंडी में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शिरकत की। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि इस वर्ष होने वाले लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में केंद्र में नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश में मनोहर लाल की सरकार बनाकर हैट्रिक लगाने का कार्य करें। इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, सदस्या केंद्रीय चुनाव समिति और पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल में पहुंचने से पहले सभी ने राव तुलाराम की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर विकसित भारत जनसंवाद संकल्प यात्रा को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से दिखाया गया। नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस राज्य में केंद्र से चलने वाला 100 रुपये आखिर तक 15 रुपये में बदल जाता था। आज केंद्र से चलने वाला 100 रुपये को मुख्यमंत्री मनोहर लाल 125 रुपये करके विकास करवा रहे हैं।
परिवार पहचान पत्र से की असली हकदार की पहचान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से शुरू की गई परिवार पहचान पत्र योजना पूरे देश में चर्चा का विषय है। पीपीपी के माध्यम से अब असली हकदारों को उनका हक मिल रहा है। अब नागरिकों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, बीपीएल कार्ड तथा जाति प्रमाण पत्र जैसे कार्यों के लिए किसी कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं है घर बैठे कार्य हो रहे हैं। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव, सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव, अटेली के विधायक सीताराम यादव, पूर्व विधानसभा डिप्टी स्पीकर संतोष यादव तथा पूर्व मंत्री व कोसली के विधायक विक्रम यादव के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।