नारनौल। राजस्थान पुलिस द्वारा बहरोड़ सरकारी अस्पताल में मेडिकल के लिए लाए मोस्टवाटेंड अपराधी विक्रम उर्फ लादेन पर तीन-चार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान अस्पताल में इलाज के लिए आई दो बहनों को गोली लगी। वहीं लादेन ने अंदर भाग कर अपनी जान बचा ली तथा पुलिस ने एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया। अस्पताल में फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बहरोड़ के साथ लगते सभी जगह नाकेबंदी करवा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने होटल व्यापारी से रंगदारी को लेकर फायरिंग करने के मामले में विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन निवासी पहाड़ी (बहरोड़ जिला अलवर)को 2 जनवरी को प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर से गिरफ्तार किया था। बहरोड़ पुलिस विक्रम उर्फ लादेन का मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई थी। लगभग 12 बजे मेडिकल करवाए जाने के बाद जब पुलिस उसको वापस ले जा रही थी तो उसी समय वहां पहले से मौजूद एक बदमाश ने पुलिसकर्मी को धक्का मारा। जैसे ही उसने पिस्टल निकाली तो लादेन को शक हो गया और वह अस्पताल के एक कमरे में जाकर छिप गया। लादेन के भागने पर अलग-अलग जगह खड़े तीन बदमाशों ने उस पर तीन-चार राउंड फायर किए। फायर से लादेन तो बच गया लेकिन नांगल खोड़िया (बहरोड़) की रहने वाली इमरती देवी और भूतेरी देवी के लगी। पुलिस ने उनके एक साथी को मौके से दबोच लिया तथा शेष भागने में कामयाब हो गए। फायरिंग से अस्पताल के अंदर भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस ने लादेन को भी पकड़ लिया। साथ ही चारों ओर नाकेबंदी करवा दी। दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
लादेन एवं पपला गुर्जर का चल रहा है विवाद
गौरतलब है कि लादेन और पपला गुर्जर गैंग के बीच आपसी रंजिश है। दोनों में आपसी वर्चस्व का विवाद चल रहा है। ये दोनों गैंग बहरोड़ और हरियाणा बॉर्डर से लगते इलाकों में वर्चस्व कायम करना चाहते हैं। जसराम गैंग का सरगना पपला का दोस्त था, जिसकी हत्या हो चुकी है। उक्त दोनों गैंग की नव वर्ष पर जयपुर में भी गैंगवार होनी थी लेकिन पुलिस को इसके बारे में पहले ही पता चल चुका था इसलिए पुलिस को शक है कि उक्त फायरिंग करने वाले बदमाश पपला गैंग से हो सकते हैं।
लादेन पर हैं 27 मुकदमें दर्ज:
विक्रम उर्फ लादेन पर राजस्थान में लूट, रंगदारी, अवैध हथियार, जान से मारने का प्रयास जैसी संगीन धाराओं के तहत 27 मुकदमें दर्ज हो रखे हैं। इनमें 21 बहरोड़ थाने में, दो नीमराणा तथा एक हरसोरा में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा जयपुर तथा भरतपुर जिले में भी मुकदमे दर्ज हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी करवा दी है। इसके अलावा अस्पताल के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि बदमाश कितने समय पर आकर यहां रैकी कर रहे थे।
प्रदेश सहित राजस्थान व दिल्ली में सक्रिय है लादेन की गैंग
25 हजार का ईनामी बदमाश विक्रम उर्फ लादेन की गैंग राजस्थान, हरियाणा तथा दिल्ली में सक्रिय है। 31 दिसंबर को जयपुर क्राइम ब्रांच ने आरोपी लादेन को गिरफ्तार किया था। उस वक्त वह अपने साथियों के साथ जयपुर में घूम रहा था।
विक्रम उर्फ लादेन को बहरोड़ पुलिस मेडिकल करवाकर वापस ले जा रही थी तभी तीन बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी दो की तलाश है। पुलिस बड़ी मुश्तैदी से आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई है। -शांतनु कुमार, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी।