महेंद्रगढ़ में हरियाणाा केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रावास में घुसकर छह-सात लोगों ने बीटेक-द्वितीय वर्ष छात्र को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट भी की। यह वारदात शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे की है। उस समय छात्र छात्रावास के स्टडी रूम में पढ़ाई कर रहा था। दोनों ही पक्षों का पहले से कोई पैसों के लेनदेन का मामला चल रहा है।
पीड़ित के पिता ने लगाए आरोप
गांव कांवी-भोजावास निवासी सतबीर सिंह ने बताया कि उसका बेटा कौशल हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीटेक-द्वितीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार को दोपहर दो बजे वह विवि के छात्रावास में बने स्टडी रूम में पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान उसके पास अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन आया और उससे लोकेशन पूछी। कुछ देर में ही छह-सात लोग स्टडी रूम में पहुंच गए। इनमें एक ने उस पर पिस्तौल तान दी।
बाद में उसके साथ सभी ने मिलकर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद वो जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ भर्ती करवाया गया जहां पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।