नारनौल। मिड-डे मील कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा संबंधित एआईयूटीयूसी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दीपावली पर्व से पूर्व मानदेय के भुगतान के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
एडीसी कार्यालय में सौंपे ज्ञापन में जिला प्रधान सुनीता जांगड़ा, ब्लाक प्रधान अटेली प्रेमलता, ब्लाक प्रधान नारनौल माया देवी के प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। इस कारण परिवार का गुजर-बसर चलाने में दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। जबकि अब दीपावली पर्व आ रहा है, इसलिए कार्यकर्ताओं को तीन महीने के मानदेय भुगतान दीपावली त्योहार से पहले किया जाए, ताकि वे अच्छी प्रकार से दीपावली का त्योहार मना सके। इस अवसर पर एआईयूटीयूसी जिला प्रधान मास्टर सूबे सिंह ने कहा कि मिड-डे मील कुक कम हेल्पर्स को पिछले तीन महिनों से मानदेय भुगतान नहीं हुआ, ऊपर से दीपावली का त्योहार नजदीक है। मिड-डे मील कुक कम हेल्पर्स गरीब परिवारों से हैं। परिवार की आजीविका का यही एकमात्र स्रोत है, इसलिए दीपावली से पूर्व उन्हें मानदेय भुगतान किया जाए।
वहीं दूसरी तरफ मनरेगा मजदूर यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने भी अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में मनरेगा मजदूरों को दीपावली त्याेहार से पहले मनरेगा का भुगतान करने का ज्ञापन प्रस्तुत किया। एआईयूटीयूसी इस अवसर पर जिला सचिव छाजूराम रावत, एआईयूटीयूसी जिला प्रधान मास्टर सूबे सिंह, राजबाला, सुमन लता व संतोष आदि उपस्थित रहे।