महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा बुधवार को मीडिया फेस्ट 2024 का आयोजन किया। उद्घाटन सत्र में मुख्यातिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रतिभागियों को संचार उत्सव की बधाई देते हुए संचार की महत्त्व को बताया और कहा कि देश को राह दिखाने में मीडिया का बहुत बड़ा योगदान रहता है। पत्रकारिता और जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. अशोक कुमार ने कहा कि विभाग मीडिया फेस्ट 2024 के माध्यम से विद्यार्थियों को मीडिया और संचार के क्षेत्र में उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा को उजागर करने के लिए एक मंच प्रदान कर रहा है। यह आयोजन न केवल प्रतिभागियों के कौशल को प्रदर्शित करता है बल्कि नवाचार और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देता है। डाॅ. अशोक कुमार ने प्रभावी संचार, प्रतिभा प्रदर्शन और रचनात्मकता की महत्वपूर्ण भूमिका के विषय में बताया। उन्होंने बताया कि आयोजन में कविता पाठ, वाद-विवाद, एंकरिंग और ओपन माइक जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी शामिल थे, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को खुद को अभिव्यक्त करने और विचारोत्तेजक चर्चाओं में शामिल होने के लिए एक मंच प्रदान किया गया। आयोजन में डाॅ. सुरेंद्र कुमार, डाॅ. पंकज, डाॅ. आलेख एस नायक व डाॅ. भारती बत्रा सहित विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।