नवरात्र को लेकर मां चामुंडा देवी मंदिर में किया गया माता रानी का शृंगार।
नारनौल। शहर में रविवार से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर प्राचीन मां चामुंडा देवी मंदिर व नैना फतेह देवी मंदिर में सुबह-शाम भक्तों का तांता रहेगा व मंदिर में नौ दिनों तक माता रानी के जयकारे गूंजेंगे। मां चामुंडा देवी मंदिर शहर का सबसे पुराना माता का मंदिर है, जिसके कारण शहर के लोगों की इस मंदिर के प्रति भारी आस्था है और नवरात्र में इसी कारण इस मंदिर में अनेक आयोजन किए जाते हैं। वहीं नवरात्र को लेकर पुरानी कचहरी मैदान में दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रोजाना रात को अनेक मशहूर गायक कलाकार अपने भजनों से माता रानी का गुणगान करेंगे। वहीं नवरात्र के पावन पर्व पर 17 अक्तूबर को मां नैना फतेह देवी मंदिर मंदिर चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 251 मीटर की चुनरी लेकर महिलाएं देवस्थान के जय दुर्गा माता मंदिर में मैया को अर्पित करेंगी।
नवरात्र को लेकर फलों के दामों में आई तेजी
नवरात्रों को लेकर शहर में फलों के भाव भी आसमान छूने लगे है। फलों की दुकान पर बहुत से फल ऐसे है जिनके भाव पिछले 15 दिनों में बढ़ गए हैं। नवरात्रों में माता के अनेक भक्त नौ दिनों तक व्रत करते है और वे केवल फलाहार ही करते है। नवरात्रों में फलों की बिक्री भी ज्यादा होती है, जिसके कारण एकदम से ही इनके भाव आसमान छूने लगे है और फल आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए है।