मशहूर फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक निर्माता सतीश कौशिक के निधन पर 12 मार्च को सामुहिक शोक सभा का आयोजन हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव धनौंदा के बाबा दयाल मंदिर में होगा। समाजसेवी ठाकुर अतरलाल व उनके चचेरे भाई सुभाष कौशिक ने बताया कि शोक सभा में प्रदेशभर से लोगों के पहुंचेंगे।
ठाकुर अतरलाल ने बताया कि सभी ग्रामीण उनके सपनों को पूरा करने के लिए एकजुट हैं। उन्होंने वर्ष 2010-11 में गांव के स्टेडियम के लिए 1.50 करोड़ का बजट दिलाया था लेकिन इसके बावजूद भी अभी स्टेडियम में काफी काम होने बाकी है। इसके अलावा उनका सपना था कि गांव की प्रत्येक गली पक्की हो और गांव विकास की दृष्टि से अव्वल हो। गांव का प्रत्येक निवासी यह प्रयास करेगा की उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए मिलकर काम करें। ग्राम पंचायत पूरा प्रयास करेगी की जल्द ही उनके सपनों को मूर्त रूप दिया जाए।
स्वर्गीय अभिनेता सतीश कौशिक के मित्र सूबेदार सुरत सिंह व पूर्व सरपंच राजवंती देवी, सरपंच बीना देवी, राजेन्द्र नंबरदार, डॉ. मुकेश, मीर सिंह वैद्य, किशनपाल सिंह और घनश्याम पंच ने बताया कि गांव में शोक की लहर है। प्रत्येक ग्रामीण प्रयास करेगा की उनके सपनों को जल्द पूरा करें। स्टेडियम का नामकरण भी स्वर्गीय सतीश कौशिक के नाम पर करने पर विचार किया जाएगा।
12 मार्च को गांव के बाबा दयाल प्रांगण में उनके लिए श्रद्धांजलि सभा की जाएगी। सभा में जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि राजनीतिक शिक्षाविद सहित अन्य लोग सामूहिक बैठक में स्वर्गीय सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।