नारनौल। निजामपुर क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति ने उक्त लोगों के खिलाफ निजामपुर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में निजामपुर निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सायं करीब 06.15 बजे वह दयानंद निवासी निजामपुर से मिलने उसके घर जा रहा था। जब वह नारहेड़ी फाटक के पास पहुंचा तो वहां पर वीर सिंह निवासी मौखुता समेत 7-8 अन्य व्यक्तियों ने उसे रोककर कर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। वहीं उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट करते हुए देख जयपाल निवासी निजामपुर ने बीच बचाव किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर उक्त सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।