महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली खंड के गांव श्यामपुरा निवासी रोहित जांगड़ा ने सीके नायडू ट्राॅफी के अंडर-23 के अपने दूसरे ही मुकाबले में सिक्किम के खिलाफ नौ विकेट लेकर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में रोहित जांगड़ा का सीके नायडू अंडर- 23 ट्राॅफी के लिए चयन हुआ है। बीसीसीआई घरेलू सीजन में अरुणाचल प्रदेश की तरफ से खेलते हुए रोहित जांगड़ा ने अपने पहले ही मैच की दो पारियों में कुल पांच विकेट लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया था।
बेहतर प्रदर्शन से जिले में खुशी की लहर
रोहित जांगड़ा इस स्तर पर पहुंचने वाला जिले का पहला क्रिकेट खिलाड़ी है व लगातार बेहतर प्रदर्शन से जिले में भी खुशी की लहर है। रोहित जांगड़ा के कोच नवीन यादव ग्रीन फिल्ड क्रिकेट एकेडमी सिसोठ ने बताया कि पहले मुकाबले में अरुणाचल प्रदेश की तरफ से दो पारियों में कुल पांच विकेट लिए थे। गत चार फरवरी से सिक्किम के साथ शुरू हुए दूसरे मुकाबले की पहली ही पारी में चार व दूसरी पारी में कुल पांच विकेट लिए हैं। सिक्किम के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए दूसरे मुकाबले में अब अरुणाचल प्रदेश की टीम क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर चुकी है। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीके नायडू अंडर-23 ट्राॅफी में देश के सभी प्रदेशों की टीमें शामिल होती है।
दो मुकाबलों में 15 विकेट लेकर लगाई लंबी छलांग
रोहित जांगड़ा के कोच नवीन यादव ने बताया कि रोहित बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करता है। गेंदबाजी के दम पर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महेंद्रगढ़ जिले का परचम लहराएगा। बीसीसीआई द्वारा विभिन्न चरण की प्रक्रिया के बाद रोहित का चयन किया गया है।
कोच नवीन यादव ने बताया कि अब अरुणाचल प्रदेश की टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला जल्द ही दिल्ली में होगा। उन्होंने बताया कि रोहित जांगड़ा जिले के पहले खिलाड़ी है, जिनका चयन बीसीसीआई की अंडर-23 सीके नायडू ट्राॅफी के लिए चयन हुआ है। अपने चयन को सही साबित करते हुए रोहित ने दो मुकाबलों में कुल 15 विकेट लेकर एक लंबी छलांग लगाते हुए बीसीसीआई के चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के साथ-साथ क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना ली है।