नारनौल। जिले में हाड़कंपा देने वाली ठंड का कहर लगातार जारी है। इस कारण जिला महेंद्रगढ़ की रातें पूरे प्रदेश में ठंडी बनी हुई है। मंगलवार लगातार तीसरे दिन जिला में महेंद्रगढ़ की रात्रि सबसे ठंडी रही। हालांकि मंगलवार को न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद हाड़कंपा देने वाली ठंड का आगाज जारी है।
मंगलवार को जिले में नारनौल का रात्रि तापमान 3 डिग्री, महेंद्रगढ़ का 1 डिग्री व पाली का रात्रि तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सूर्य के ढलते ही कड़ाके की ठंड के तीखे तेवर देखने को मिलते हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि दिसंबर और अब जनवरी महीने का पहला पखवाड़ा बीत गया है, लगातार एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए परंतु इनके द्वारा उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी और हरियाणा एनसीआर दिल्ली में केवल आंशिक बादलवाही देखने को मिली। इस दौरान बारिश की गतिविधियां नदारद रही। जब मौसम प्रणाली सक्रिय हुई उस दौरान नमी वाली हवा से संपूर्ण इलाके में आर्द्रता में बढ़ोतरी हुई। इसकी वजह से संपूर्ण इलाके में वायुमंडल में ऊपरी सतह और साथ ही निचले स्तर पर कोहरा की सघन सफेद चादर बिछी रही। जिसकी वजह से लगातार कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। हालांकि दिन के समय सूरज की चमकदार धूप खिली रहने से आमजन को ठंड से राहत मिलती रही। इससे दिन का तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लेकिन रात्रि तापमान लुढ़क कर हिमांक बिंदु के आस-पास पहुंचे गए है। आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड से राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में भी केवल कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। जिसकी वजह से भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा एनसीआर पर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बीते सप्ताह ऐसे रहा तापमान में उतार-चढ़ाव:
तारीख अधिकतम न्यूनतम
9 जनवरी 14.2 6.5
10 जनवरी 17.0 2.5
11 जनवरी 18.0 2.2
12 जनवरी 20.0 3.0
13 जनवरी 21.5 2.0
14 जनवरी 22.5 1.8
15 जनवरी 21.0 3.0