महेंद्रगढ़ 0.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ रविवार को प्रदेश में तीसरा ठंडा क्षेत्र रहा। सुबह के समय सीजन में पहली बार पाला जमा तथा दिनभर शीतलहर से कंपकंपी छूटती रही। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी व बारिश का असर महेंद्रगढ़ तक पहुंच चुका है जिसके चलते रात का तापमान शिमला से भी कम रहा। प्रदेश के आठ जिलों में ठंड के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से आगामी तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में ओर गिरावट की चेतावनी जारी की गई है। सुबह के समय पाला जमने से हाड़ कंपा देने वाली ठंड का अहसास हुआ। सुबह के समय रात को जमी ओंस की बूंदों ने भी बर्फ का रूप ले लिया। मौसम विभाग द्वारा तीन दिन पाला जमने की चेतावनी दी गई है।
इस समय सरसों की फसल में फलियां आनी शुरू हो गई हैं तथा पाले से फलियां प्रभावित होकर खराब होने की आशंका के चलते किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़नी आरंभ हो गई हैं। पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री से गिरकर 0.8 तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान में शनिवार की अपेक्षा 3.4 डिग्री बढ़कर 15.4 पहुंच गया।
दिनभर खिली तेज धूप भी शीतलहर से नहीं दिला सकी राहत
सुबह के समय तेज धूप खिलने से लोगों ने कुछ राहत की सांस जरूर ली लेकिन 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली शीतलहर ने दिनभर लोगों की कंपकंपी छुड़ाए रखी। बता दें कि इस बार दिसंबर माह में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम रहा है। वहीं जनवरी शुरू होते ही ठंड के तेवर भी लगातार तलख होते गए।
ठंड के चलते जिले में रेडअर्ल्ट जारी
राज्य मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के आठ जिलों में ठंड को ध्यान में रखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उपायुक्त द्वारा अधिक ठंड को ध्यान में रखते हुए जिलावासियों के लिए एडवाइजरी जारी कर ठंड के बचाव करने के निर्देश दिए हैं। वहीं चंडीगढ़ मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के आठ जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में सबसे न्यूनतम 0.8 डिग्री तापमान के साथ महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा रहा।
आगामी तीन दिनों में पाला जमने की संभावना रहेगी। 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से शीतलहर चलने की संभावना बनी रहेगी। 19 के बाद राहत मिलने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में ओर गिरावट होने की भी संभावना बनी रहेगी।
-डॉ. दिवेश चौधरी, मौसम विशेषज्ञ
हाल के दिनों में ये रही तापमान की स्थिति
वार न्यूनतम अधिकतम
- रविवार 1.3 13.1
- सोमवार 2.1 18.8
- मंगलवार 3.9 15.7
- बुधवार 3.1 21.8
- वीरवार 9.2 20.8
- शुक्रवार 7.7 19.1
- शनिवार 8.7 12.8
- रविवार 0.8 15.4