नारनौल। ओवरलोड वाहनों की चेकिंग करती आरटीए विभाग की टीम के साथ कुछ लोगों ने हाथपाई करने का मामला सामने आया है। इस मामले में नांगल चौधरी पुलिस ने एएसआई जसवंत सिंह की शिकायत पर एक नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नांगल चौधरी पुलिस को दी शिकायत में आरटीए विभाग कर्मचारी एएसआई जसवंत सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह सिपाही नवीन कुमार, जोगिंद्र सिंह व कुलदीप यादव के साथ करीब 11 बजे पांचनोता स्थित एक स्टोन क्रशर के पास ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी आई जोकि क्षमता से अधिक पत्थरों से भरी हुई थी। जिसे चेक करवाने के लिए रुकवाया गया। मगर जैसे ही वे अपनी सरकारी गाड़ी से नीचे उतरकर पत्थरों से भरी गाड़ी के पास गए तो स्टोन क्रशर के गेट पर बैठे 20/25 व्यक्तियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की व हाथपाई करके उन्हें रोक लिया। वहीं चालक भी सरकारी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारकर अपनी ओवरलोड गाड़ी को उस क्रशर जोन के अंदर ले गया। वहां पर मौजूद लोगों ने टीम को अंदर नहीं जाने दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की करने वालों में एक व्यक्ति ने अपना नाम उदयवीर बढ़ाना बताते हुए कहा कि वह गाड़ी का मालिक है और धमकी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में उसकी गाड़ी पकड़ी तो उन्हें जान से मार देगा। इसके बाद उसने नांगल चौधरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।