नारनौल। बहरोड़ रोड कालबा गांव के सरपंच सतेंद्र सिंह सहित अन्य ने लाठी-डंडों से रेंजर और डिप्टी रेंजर की बुधवार को पिटाई कर दी थी। इस मामले में देर शाम नांगल चौधरी थाना पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। वहीं अन्य की तलाश में सुबह कई जगहों पर छापेमारी की है।
बता दें कि वन विभाग द्वारा नायन गांव के आसपास पौधरोपण किया गया है। विभागीय निर्देशानुसार रेंज अधिकारी रजनीश यादव व डिप्टी रेंजर चंद्रगुप्त अन्य कर्मचारियों के साथ पौधों का निरीक्षण कर रहे थे। कालबा गांव के पास उन्हें विभाग की जमीन पर कुछ लोग अतिक्रमण करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने विभाग की जमीन छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी। आरोपी सरपंच व अन्य लोगों ने अधिकारियों को डांटना शुरू कर दिया था। सरपंच व दूसरे लोगों ने तौलिया का फंदा बनाकर रेंज अधिकारी के गले में डाल दिया और दोनों तरफ से छोर पकडक़र खींचने लगे थे।