नारनौल। गांव महरमपुर में बन रही सड़क की सही लेवलिंग व गांव में गंदे पानी और बरसाती पानी की निकासी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने वीरवार को जिला उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि गांव में ठेकेदार सड़क बनाते समय सही लेवल नहीं निकाल रहा है और बिना लेवलिंग किए बनी सड़क का कोई औचित्य नहीं रह जाता। लोगों ने बताया कि गांव के अंदर गंदे पानी व बरसाती पानी की निकासी को लेकर कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। इसको लेकर उन्होंने सांसद, विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को भी अवगत करवाया था। इसके बाद गांव में नई सड़क बनाने को मंजूरी मिल गई थी और सड़क के साथ-साथ गंदे पानी की निकासी की भी व्यवस्था होनी थी। ग्राम वासियों ने बताया कि अब गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नई सड़क का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार सड़क का लेवल सही नही ले रहा है। इसकी शिकायत संबंधित विभाग में भी की गई। इसके बाद विभाग के अधिकारी ने ठेकेदार को सड़क का लेवल ठीक करने की हिदायत दी थी। ठेकेदार अब भी बिना लेवलिंग के सड़क का निर्माण कार्य कर रहा हैं।
ग्राम वासियों ने उपायुक्त से मांग करते हुए कहा कि गांव में बनने वाली नई सड़क का निर्माण बेहतर और ठीक ढंग से किया जाए, जिससे पानी की निकासी भी हो सके। इस दौरान गुलाब, राजेश ठेकेदार, प्रेम प्रकाश, अशोक पंच, रामचंद्र, दलीप, कमल सिंह, धर्मबीर, अनिल कुमार, सहीराम व राजेन्द्र आदि मौजूद रहे।