कनीना। गांव इसराना में शनिवार को अटल भूजल योजना, जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से एकदिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम किया गया। विभाग की ओर से खंड संसाधन संयोजक मोहित कुमार, अटल भूजल ट्रेनर पूजा कुमारी ने शिरकत की। पूजा कुमारी ने ग्रामीणों को आधुनिक कृषि और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल प्रबंधन, उर्वरक एवं कीटनाशकों के प्रयोग संबंधी पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना तथा फसल लागत में कमी लाना था। स्मार्ट कृषि से किसानों को मौसम पूर्वानुमान, मिट्टी की नमी एवं पोषक तत्वों की जानकारी उपलब्ध होती है।
मौसम पूर्वानुमान के लिए सैटेलाइट आधारित सिंचाई और सूचना ऐप के बारे में बताया जो कि किसानों को 15 दिन का मौसम पूर्वानुमान प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि किसानों को कम पानी लागत वाली फसलों का प्रयोग करना चाहिए। सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि की दी जाती है। हरियाणा सरकार द्वारा शून्य जुताई तकनीक अपनाने के लिए किसानों को एक हजार रुपये प्रत्येक एकड़ का प्रोत्साहन प्रदान करती हैं। कृषि में उपयोग होने वाले भूजल को बचाने के लिए सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम के उपरांत एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर अटल जल सहेली गीता, सीमा, विनय, राहुल, हेमंत, हनुमान सिंह, गुमान सिंह सहित अनेकों ग्रामीण उपस्थित रहे।